
सहारनपुर। आधुनिक भारत के निर्माता एवं आजाद भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 135वीं जयंती पर आज जिला एवं महानगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पंडित नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों एवं सिद्धांतों का अनुसरण करने का आह्वान किया। जिला कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित गोष्ठी में कार्यकर्ताओं ने सर्वप्रथम देश के पहले प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। इस अवसर पर वक्ताओं ने पंडित जवाहरलाल नेहरू द्वारा देश की आजादी में दिए गए योगदान के साथ-साथ प्रधानमंत्री के रूप में उनके द्वारा किए गए कार्यों के लिए उन्हें याद किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा एवं महानगर अध्यक्ष वरुण शर्मा ने पंडित नेहरू को युगपुरुष बताया। संदीप सिंह ने कहा कि पंडित नेहरू देश के बच्चों में देश का भविष्य देखते थे और अपने इस सपने को सच करने के लिए ही उन्होंने देश में कृषि, विज्ञान क्षेत्रों के लिए विकास योजनाओं के साथ-साथ देश में अनेक ऐसे संस्थानों की स्थापना की, जिससे देश के नौनिहाल तरक्की करें और देश विकास के मार्ग पर अग्रसर हो। जिलाध्यक्ष ने कहा कि उनके इन्हीं कार्यों की वजह से आज पंडित नेहरू भारत ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में आधुनिक भारत के निर्माता के रूप में जाने जाते हैं। महानगर अध्यक्ष वरुण शर्मा ने बच्चों में चाचा नेहरू के नाम से प्रसिद्ध पंडित जी को दूरदर्शी व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि नेहरू जी ने आजादी से पहले जहां एक महान स्वतंत्रता सेनानी के रूप में देश की आजादी हेतु संघर्ष किया, वहीं उन्होंने प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी को बखूबी निभाते हुए देश में चहुमुखी विकास सुनिश्चित करने हेतु पंचवर्षीय योजनाओं का एक अद्वितीय विकास मॉडल देश के सामने पेश किया। प्रदेश सचिव अशोक सैनी एवं जिला प्रवक्ता गणेश शर्मा ने कहा कि आजाद भारत के विकास में पंचवर्षीय योजना के विकास मॉडल का महत्वपूर्ण योगदान है। गोष्ठी में युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव वर्मा, जिलाध्यक्ष सेवादल इमरान कुरैशी, सेवादल महानगर अध्यक्ष अनुज शर्मा, इकराम खान, एससी एसटी के जिलाध्यक्ष मुनीष सहगल ने विचार रखे। कार्यक्रम में राकेश वर्मा, नसीब खान, विपिनकांत शर्मा, अवनीश कुमार, रवि कुमार, बरकत अंसारी, आदित्य, राजन बिरला, मोहम्मद यूसुफ, करण चैहान, मधु सहगल, रीना देवी, सोमपाल कश्यप, प्रभजीत सिंह, जमाल अहमद, पवन सिंह, सुनील राठौर, राजेश कुमार, निशी शर्मा, मयंक शर्मा, नवाब अली, अनिरुद्ध गुरुग, शहजाद अली आदि उपस्थित रहे।
सुरेंद्र चौहान
डिस्ट्रिक्ट प्रेस क्लब